काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे तीन छात्र पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मुस्कामपुर परमानंदपुर निवासी 16 वर्षीय शिवम पुत्र मनोज अपने दोस्तों अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरखेड़ी जा रहा था। शिवम और अक्षय कक्षा 10 के छात्र थे, जबकि वासु कक्षा 11 में पढ़ाई करता है।
बताया जा रहा है कि बाजपुर रोड पर परमानंदपुर के पास सब्जियों से लदी एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।
