नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रही है। चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होकर आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, चुनावी अभियान की रूपरेखा तय करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की पकड़ मजबूत करना और चुनावी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप देना है।

कोर कमेटी की बैठक के बाद भाजपा की संगठनात्मक बैठक भी होगी, जिसमें विस्तारक योजना को लेकर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। इस योजना के जरिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर रहेगा।

भाजपा ने जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पार्टी के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इसके जरिए विधानसभा स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।

युवाओं को साधने के लिए भाजपा का ‘युवा संवाद’ अभियान भी लगातार जारी है। पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं को पार्टी की नीतियों और योजनाओं से जोड़ा जा सके।

भाजपा का मानना है कि मजबूत संगठन, सक्रिय बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह बैठक उत्तराखंड की चुनावी राजनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *