नैनीताल:
नैनीताल के ज्योलीकोट क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लखनऊ के पर्यटक लौट रहे थे हल्द्वानी
पुलिस के अनुसार, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी निखिलेंद्र सिंघल अपने दोस्तों सिद्धार्थ प्रताप सिंह, निखिल त्रिपाठी, आदित्य त्रिपाठी, सिद्धांत सिंह और आदर्श मिश्रा के साथ नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार को सभी टैक्सी से हल्द्वानी लौट रहे थे। वाहन को हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह चला रहा था।
तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ज्योलीकोट नंबर-1 बैंड से कुछ आगे एक मोड़ पर वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। टैक्सी सड़क किनारे लगे सुरक्षा पत्थरों से टकराने के बाद करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद खाई में गिरे वाहन में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दो गंभीर, अन्य को मामूली चोटें
दुर्घटना में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अन्य चार पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया।
कोतवाली प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
