हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। घर के बेसमेंट में बनी लंबे समय से बंद पानी की टंकी में जमा जहरीली गैस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान ले ली। हादसे में 55 वर्षीय सरस्वती देवी और उनके दो बेटों धर्मेंद्र बिष्ट व खुशाल बिष्ट की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

एक को बचाने गए, तीनों की चली गई जान

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी काफी समय से बंद थी। जब परिवार का एक सदस्य टंकी का ढक्कन खोलने के लिए नीचे उतरा तो अंदर जमा जहरीली गैस के कारण उसका दम घुटने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा सदस्य नीचे गया, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आ गया। इसके बाद तीसरा सदस्य भी बचाव के लिए उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका।

कुछ ही मिनटों में तीनों बेसमेंट में बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम मोनिका आर्य ने बताया कि शुरुआती जांच में लंबे समय से बंद पड़ी पानी की टंकी में जहरीली गैस बनने की आशंका सामने आई है। गैस का प्रकार और उसकी मात्रा का पता वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद चोरगलिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बंद पानी की टंकी, सेप्टिक टैंक, बेसमेंट या अन्य संकरे बंद स्थानों में बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें। ऐसे स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी और मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड जैसी जहरीली गैसें जानलेवा साबित हो सकती हैं।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से मानपुर पश्चिम गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि एक-दूसरे की जान बचाने की कोशिश इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम व वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *