उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने राज्य के विभिन्न विभागों में 379 समूह ‘ग’ पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत लेखाकार, सहायक लेखाकार, सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, कार्यालय सहायक तृतीय (लेखा) और कैशियर कम सहायक लेखाकार सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी आवेदन पत्र में 18 से 20 अगस्त 2026 तक संशोधन भी कर सकेंगे। भर्ती के लिए प्रस्तावित लिखित परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
21 से 42 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
आवेदन करते समय रखें ये दस्तावेज तैयार
ऑनलाइन आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को निम्न दस्तावेजों की आवश्यकता होगी—
- हाईस्कूल का प्रमाण पत्र
- आधार कार्ड (दोनों तरफ की स्कैन कॉपी)
- आरक्षण श्रेणी/उपश्रेणी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- अनुभव प्रमाण पत्र (जहां आवश्यक हो)
भर्ती का पूरा शेड्यूल
- विज्ञापन जारी: 21 जुलाई 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 26 जुलाई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 15 अगस्त 2026
- आवेदन में संशोधन: 18 से 20 अगस्त 2026
- लिखित परीक्षा (संभावित): 12 अक्टूबर 2026
किन विभागों में होगी भर्ती?
इस भर्ती में सबसे अधिक 230 पद निदेशालय विभागीय लेखा, उत्तराखंड में सहायक लेखाकार के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) में 75, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में 13, अल्मोड़ा कोषागार में 13 और नैनीताल कोषागार में 12 सहायक लेखाकार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वहीं उत्तराखंड जल संस्थान में 5 सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन में 5 सहायक लेखाकार और 5 कार्यालय सहायक (लेखा), उधम सिंह नगर कोषागार में 5, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड में 3, ब्रिडकुल में 3 लेखाकार, रुद्रप्रयाग कोषागार में 3, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशालय में 3, चंपावत कोषागार में 2, बागेश्वर कोषागार में 1 और अभियोजन विभाग में 1 पद पर भर्ती की जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 26 जुलाई से 15 अगस्त 2026 के बीच UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन और पात्रता संबंधी सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
राज्य के हजारों युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान सुनहरा अवसर साबित हो सकता है, क्योंकि लंबे समय बाद लेखा संवर्ग में इतनी बड़ी संख्या में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं।
