मंगलौर: हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में एक युवक की कथित तौर पर दावत के बहाने बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे पुरकाजी निवासी सुमित ने सौरभ को फोन कर दावत के बहाने बुलाया। इसके बाद सौरभ अपने दो दोस्तों डिंपल और आशीष के साथ सुमित की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नहर किनारे स्थित राजा ईंट भट्ठे के पीछे पहुंचा।
शिकायत के अनुसार, वहां पहले से घात लगाए बैठे अनुज, रोबिन और प्रद्युम्न मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आते ही प्रद्युम्न ने तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी। गोली लगने से सौरभ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल पुरकाजी के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता राजेंद्र, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर जाट, की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
