हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। हादसा एनएच-109 स्थित तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

तीनपानी फ्लाईओवर पर हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) की तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर के घुमाव पर स्कूटी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। चौथे युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान राहुल राजपूत, शिवम, आशु गौड़ा और आदि टम्टा के रूप में की है। चारों युवक हल्द्वानी के पड़ाव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार ने बताया कि तीनपानी के पास एनएच-109 फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर में चार युवकों की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में गंभीर सड़क दुर्घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
