हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर हिस्ट्रीशीटर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों पर पहले से 45 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार बीते मई और जून माह में लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। लगातार बढ़ रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और राजू बहादुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने लालकुआं में चार, मुखानी में दो और काठगोदाम में एक चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया करीब 16 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया है।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करता था और गल्लों में रखी नकदी चोरी कर लेता था। इस दौरान उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी करता था ताकि किसी के आने की स्थिति में वह सतर्क कर सके। चोरी की रकम दोनों आरोपी नशे और अन्य व्यक्तिगत खर्चों में उड़ा देते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी राजू बहादुर पर 13 मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि काठगोदाम, मुखानी और लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में हुई सात चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *