रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रपुर में संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित रुद्रपुर प्रवास की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने की, जबकि रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों को सफल, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने कहा कि संविधान हत्या दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रम को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रस्तावित रुद्रपुर दौरा संगठन के लिए विशेष महत्व रखता है, जिसके सफल आयोजन के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

मेयर विकास शर्मा ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में संगठन और कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में कार्यक्रम स्थलों, व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की तैनाती, जनसंपर्क अभियान तथा संगठनात्मक समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी मंडलों एवं मोर्चों को कार्यक्रमों की सफलता के लिए विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

इस अवसर पर पूर्व मेयर एवं कैबिनेट मंत्री स्तर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रामपाल सिंह, राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष रोशन अरोरा, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सभी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प भी दोहराया।
