उत्तरकाशी/लखनऊ: समाजवादी राजनीति के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया। इस खबर से राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनमानस तक गहरा शोक व्याप्त है।

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव का उत्तराखंड से गहरा संबंध होने के कारण राज्य के उत्तरकाशी जिले में भी शोक की लहर देखी जा रही है।

उत्तरकाशी के सैंणी गांव से है जुड़ाव

अपर्णा यादव का पैतृक गांव उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक का सैंणी गांव है। हालांकि उनका जन्म 1990 में लखनऊ में हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं, जबकि उनकी माता अंबी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं।

दोस्ती से विवाह तक का सफर

प्रतीक यादव और अपर्णा यादव का विवाह वर्ष 2011 में हुआ था। दोनों के बीच पहले गहरी मित्रता थी, जो बाद में पारिवारिक सहमति से वैवाहिक रिश्ते में बदली। प्रतीक यादव ने राजनीति से दूरी बनाए रखी, जबकि अपर्णा यादव सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं।

गांव में छाया शोक

निधन की सूचना मिलते ही सैंणी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे एक बड़ी व्यक्तिगत और सामाजिक क्षति बताया। उनका कहना है कि अपर्णा यादव का गांव से गहरा जुड़ाव रहा है और इस दुख की घड़ी में पूरा गांव परिवार के साथ खड़ा है।

सपा से बीजेपी तक का राजनीतिक सफर

अपर्णा यादव ने वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2022 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *