नैनीताल। Nainital में कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव Deepak Rawat ने एसडीएम-तहसील और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक खामियां और रिकॉर्ड से जुड़ी अनियमितताएं उजागर हुईं, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुराने लंबित मामलों पर सख्ती
निरीक्षण में धारा 229-बी के कई मामले 15 से 20 वर्षों से लंबित पाए गए। इस पर कमिश्नर ने एसडीएम को निर्देशित किया कि साप्ताहिक लक्ष्य तय कर इन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। वहीं धारा 176 के मामलों में आदेश जारी होने के बावजूद आवश्यक कार्यवाही न करने वाले पटवारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने को कहा गया।
रिकॉर्ड व्यवस्था पर उठे सवाल
धारा 143 से संबंधित आवेदनों की जानकारी देने में राजस्व कर्मियों की लापरवाही सामने आई। अभिलेखों के रखरखाव में भी कमी पाई गई। इस पर कमिश्नर ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व निरीक्षकों और उप निरीक्षकों की कार्यशैली पर भी असंतोष जताया गया।
लंबित कार्य पूरे होने तक जारी रहेगा काम
कमिश्नर दीपक रावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निस्तारण होने तक कार्यालयों में कार्य जारी रखा जाए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान कर उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही देरी के कारणों का भी विस्तृत विवरण तैयार करने को कहा गया।
सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी खामियां उजागर
निरीक्षण के दौरान सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। रजिस्ट्री के बाद दस्तावेजों की प्राप्ति दर्ज करने के लिए उचित व्यवस्था नहीं पाई गई और कई आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं थे। इस पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए भविष्य में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सौरभ असवाल, प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांशु मीणा, एसडीएम नवाजिश खलीक, तहसीलदार अक्षत कुमार भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
