नगर निगम रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने वार्ड संख्या 33 के अंतर्गत सिंह कॉलोनी में ₹26 लाख की लागत से प्रस्तावित सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह विकास कार्य हीरा बल्लभ पाण्डेय के आवास से गली नंबर 3 तक संपन्न किया जाएगा। इसके साथ ही स्वर्गीय हरिराज सिंह चौहान स्मृति द्वार की भी आधारशिला रखी गई।

महापौर विकास शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन को आवागमन में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, पार्षद सुशील चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री जितेंद्र संधू, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बिट्टू चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों के शुभारंभ पर खुशी जाहिर करते हुए महापौर का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

