देहरादून। उत्तराखण्ड में पर्यटन और रोजगार को नई गति देने के उद्देश्य से आयोजित ‘टूरिज्म स्किलिंग कॉन्फ्रेंस’ में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने हिस्सा लिया। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद् और उत्तराखण्ड कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने पर व्यापक चर्चा की गई।

सम्मेलन के दौरान पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों को प्रशिक्षित करने और उनकी क्षमताओं को बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही चार धाम यात्रा के बढ़ते प्रभाव और राज्य में पर्यटन के विस्तार को देखते हुए युवाओं के लिए कौशल विकास को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखण्ड का पर्यटन क्षेत्र तेजी से उभर रहा है और इसमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले, तो वे इस क्षेत्र में बेहतर अवसर हासिल कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि स्किल डेवलपमेंट के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए।

कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों और संबंधित क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी पर्यटन में स्किल आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया। यह कॉन्फ्रेंस राज्य में पर्यटन विकास और युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

