किच्छा में वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह के कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर उपलब्धियों को विस्तार से रखा गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने अभूतपूर्व विकास किया है और यह कार्यकाल “चार साल बेमिसाल” रहा है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। समान नागरिक संहिता (UCC) और नकल विरोधी कानून लागू कर सुशासन को मजबूत किया गया है।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में “लखपति दीदी योजना” के तहत करीब 2.5 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। वहीं युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न स्वरोजगार और प्रधानमंत्री रोजगार योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में योग नीति लागू कर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया गया है, साथ ही अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में भूमि को मुक्त कराया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं में “अटल आयुष्मान योजना” के तहत आम लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है, जिससे हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है। इसके अलावा शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन 3000 से बढ़ाकर 5500 रुपये कर दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि “युवा आपदा मित्र योजना” के तहत 20 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जिससे आपदा प्रबंधन को मजबूती मिली है। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 33 हजार से अधिक लाभार्थियों को सहायता दी गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, रोजगार और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य जारी रहेगा।
