रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में बुधवार रात एक कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग ने इलाके में दहशत फैला दी। प्लास्टिक कबाड़ से भरे गोदाम में आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 पर सूचना दी। दमकल विभाग की तीन यूनिटों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हादसे में एक फायरमैन घायल हो गया, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई।

फायर विभाग के मुताबिक, रात करीब 8:02 बजे शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र से आग लगने की सूचना मिली। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में रुद्रपुर फायर स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पाया गया कि प्लास्टिक कबाड़ में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया था और लपटें तेजी से फैल रही थीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर दो डिलीवरी होज पाइपों के जरिए आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। अतिरिक्त सहायता के लिए रुद्रपुर से एक और फायर यूनिट तथा पंतनगर फायर स्टेशन से भी एक यूनिट को मौके पर बुलाया गया। तीनों टीमों के समन्वित प्रयास से आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया गया।

Rudrapur scrap warehouse fire

इस अग्निकांड में खलील पुत्र जलील का प्लास्टिक कबाड़ जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात रही कि किसी प्रकार की जानमाल की बड़ी क्षति नहीं हुई।

आग बुझाने के दौरान लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश के पैर में पिघला हुआ प्लास्टिक चिपक गया, जिससे वे झुलस गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन जारी है।

गौरतलब है कि उसी रात देहरादून के लक्ष्मण चौक स्थित एक फर्नीचर वर्कशॉप में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जहां पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने समय रहते आग पर काबू पाया।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *