बागेश्वर: बागेश्वर जिला के बैजनाथ थाना क्षेत्र स्थित जैसर गांव में 22 दिन की नवजात बच्ची की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची की जान गला दबाने से गई, जिसके बाद उसकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

शुरुआत में परिजनों ने बच्ची की मौत को सामान्य बताया था, लेकिन संदेह के आधार पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट सामने आते ही परिवार और गांव में सनसनी फैल गई। मृत बच्ची के दादा केशर सिंह ने थाना बैजनाथ में तहरीर देकर अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला का पति विदेश में कार्यरत है। प्राथमिक जांच में पारिवारिक कलह को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।

इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

उल्लेखनीय है कि मार्च 2025 में हरिद्वार जिला में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां एक महिला ने अपनी दो बेटियों की हत्या कर दी थी। उस प्रकरण में भी पुलिस जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *