देहरादून: थाना रायपुर क्षेत्र के नेहरू ग्राम में मेहंदी समारोह के दौरान हुई लापरवाह फायरिंग में एक युवती घायल हो गई। समारोह में शामिल एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो युवती के पैर में जा लगी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है।

समारोह में साथ लाया था हथियार

जानकारी के अनुसार, नेहरू ग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर सोमवार रात मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी आमंत्रित था, जो अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंचा था।

कॉकटेल पार्टी के दौरान डांस करते समय अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली कमल कुमार की साली नीलिमा यादव के पैर के अंगूठे के पास लगी। गोली चलते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

उपचार जारी, पुलिस ने दर्ज किया केस

परिजनों ने घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय अनजाने में ट्रिगर दब गया।

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग और जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। हथियार जब्त कर लिया गया है तथा लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *