देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में राज्य कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। आगामी विधानसभा बजट सत्र को ध्यान में रखते हुए इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई विभागीय प्रस्तावों, विधेयकों और नीतिगत फैसलों पर मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है।

9 मार्च से गैरसैंण में होगा बजट सत्र
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 9 मार्च से बजट सत्र प्रस्तावित है। सत्र से पहले विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। नियमानुसार, इन प्रतिवेदनों को सदन में पेश करने से पहले मंत्रिमंडल की अनुमति आवश्यक होती है।
यूसीसी संशोधन विधेयक पर भी चर्चा
बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) संशोधन विधेयक को विधानसभा में पेश करने की स्वीकृति दिए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित संशोधन में कुछ अपराधों के लिए दंड की अवधि निर्धारित करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
38वें राष्ट्रीय खेलों के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी?
प्रदेश में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल के 243 पदक विजेता अब तक सरकारी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक में खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने के प्रस्ताव पर निर्णय लिया जा सकता है।
बजट 2026-27 और विभागीय एजेंडा
आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के प्रारूप को लेकर भी मंत्रिमंडल में चर्चा संभावित है। सरकार ने बजट से पहले विभिन्न वर्गों से सुझाव प्राप्त किए हैं, जिन्हें अंतिम बजट में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा विभाग की संशोधित नियमावली पर भी मुहर लग सकती है।
-
चारधाम यात्रा के मद्देनजर यात्रा अवधि में तैनात डॉक्टरों के लिए अलग कैडर बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है।
-
बॉन्डधारी डॉक्टरों के पीजी अध्ययन के लिए नई नीति पर भी विचार संभव है।
-
पर्यटन विभाग की नियमावली में संशोधन कर निवेश को प्रोत्साहन और नए पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी मिल सकती है।
