देहरादून: ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में 21 फरवरी को हुए विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ प्रकरण में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बताया कि कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन विधायक उमेश शर्मा काउ कुछ समर्थकों के साथ वार्ता के लिए कार्यालय पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ व्यक्तियों ने कार्यालय में कुर्सियां व अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की। इस दौरान सरकारी कामकाज बाधित हुआ और कुछ कर्मचारियों को चोटें आईं।
निदेशक की तहरीर पर लोक सेवक के कार्य में बाधा, बलवा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आपराधिक धमकी जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
-
अरविंद पुण्डीर उर्फ कल्ली (हिस्ट्रीशीटर), निवासी नूनरखेड़ा
-
लक्ष्मण नवानी, निवासी शिवलोक कॉलोनी, लाडपुर
-
राकेश थपलियाल, निवासी तपोवन रोड, लाडपुर
-
अक्षय राणा, निवासी सौंधोवाली
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी थाना रायपुर क्षेत्र के निवासी हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।
