रुद्रपुर/जसपुर: विकासखंड जसपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सूतमिल में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार त्यागी पर लगे गंभीर आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।

सूत्रों के अनुसार, शिक्षक कथित रूप से नशे की अवस्था में बीईओ कार्यालय पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलने का प्रयास किया। साथ ही कार्यालय में प्रवेश कर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जांच टीम गठित की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक पर विद्यालय समय में अनुपस्थित रहकर फर्जी उपस्थिति दर्ज करने, कार्यालय समय के बाद उप शिक्षा अधिकारी जसपुर कार्यालय में अनधिकृत रूप से उपस्थित रहने, अपने कृत्यों को छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगे हैं।
निलंबन अवधि में शिक्षक को उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय सितारगंज से संबद्ध किया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और सरकारी संपत्ति के साथ छेड़छाड़ के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
