पिथौरागढ़: घाट क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दंपति की जान चली गई। टनकपुर–तवाघाट हाईवे पर मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना में बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश कुमार और उनकी 26 वर्षीय पत्नी निधि आर्या की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों गंगोलीहाट क्षेत्र में रिश्तेदारी की बारात में शामिल होकर लोहाघाट से पिथौरागढ़ लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

दुर्गम हालात में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गहरी खाई और अंधेरे के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दोनों सरकारी सेवा में थे तैनात

जानकारी के अनुसार योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) टकाना, पिथौरागढ़ में लिपिक पद पर कार्यरत थे, जबकि निधि आर्या रानीखेत में सरकारी सेवा में कार्यरत थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *