मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi मेरठ में ‘नमो भारत’ (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) और मेरठ मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। शताब्दी नगर स्टेशन से दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मेरठ दक्षिण स्टेशन तक यात्रा करेंगे और इसके पश्चात मोहिउद्दीनपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और राज्यपाल Anandiben Patel भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री सुबह निर्धारित समय पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।

82 किमी कॉरिडोर से बदलेगी कनेक्टिविटी

‘नमो भारत’ का कुल रूट 82.15 किलोमीटर लंबा है, जिसमें लगभग 70 किलोमीटर एलिवेटेड और 12 किलोमीटर भूमिगत ट्रैक शामिल है। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक की दूरी अब लगभग 55 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे मेरठ और आसपास के जिलों के लाखों यात्रियों को तेज और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

मेरठ मेट्रो 23 किलोमीटर के शहरी कॉरिडोर पर संचालित होगी। इसकी डिजाइन स्पीड 135 किमी प्रति घंटा और परिचालन गति 120 किमी प्रति घंटा तक होगी। यह देश का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जहां एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर सेमी हाईस्पीड ‘नमो भारत’ और शहरी मेट्रो का संचालन होगा।

13 स्टेशन, 4 पर इंटरचेंज सुविधा

मेरठ मेट्रो के कुल 13 स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें मेरठ दक्षिण, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन ऐसे हैं, जहां से यात्री ‘नमो भारत’ और मेट्रो दोनों सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

आधुनिक और सुरक्षित सफर

तीन कोच वाली मेट्रो में 173 सीटों की क्षमता है और 700 से अधिक यात्री सफर कर सकते हैं। ट्रेन में सीसीटीवी, इमरजेंसी अलार्म, ऑटोमैटिक डोर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और आधुनिक डिस्प्ले सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए 36 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं। एसपीजी कमांडो, बुलेटप्रूफ वाहन, जैमर और एंबुलेंस तैनात हैं। क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।

उद्घाटन के साथ ही मेरठ–दिल्ली यात्रा में नया अध्याय जुड़ जाएगा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को तेज, सुरक्षित और अत्याधुनिक परिवहन व्यवस्था की सौगात मिलेगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *