हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में फर्जी नोट छापने की मशीन का लालच देकर एक महिला से 9 लाख 30 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लाल मंदिर कॉलोनी निवासी संतरी देवी ने शिकायत में बताया कि वह मजदूरी और ठेला लगाकर परिवार चलाती हैं। उनके पति राधेश्याम का दो साल पहले निधन हो चुका है। महिला के अनुसार, मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी गुलाम का उनके घर आना-जाना था। 26 जनवरी को वह अपने साथियों बाबू और गगन के साथ पहुंचा और खुद को जादू का खेल दिखाने वाला बताया।
आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास नोट छापने की मशीन और कच्चा माल है, जिससे बड़ी रकम तैयार की जा सकती है। मुनाफे का लालच देकर मशीन खरीदने के नाम पर पैसे मांगे गए।
शिकायत के मुताबिक, 30 जनवरी को जटवाड़ा पुल के पास 4.30 लाख रुपये नकद दिए गए। अगले दिन 3 लाख रुपये और ले लिए गए। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये से अधिक की राशि एक यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर करवाई गई। महिला ने बताया कि उसने जेवर बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर रकम जुटाई थी।
जब काफी समय तक न तो मशीन मिली और न ही पैसा लौटा, तो आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर महिला के बेटों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नोट छापने या पैसा दोगुना करने जैसे दावों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
