रुद्रपुर/जसपुर। उधम सिंह नगर जिले के जसपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत महुआडाबरा नगर पंचायत में मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए टकराव में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ, जिससे एक स्थानीय सभासद समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सड़क पर बुलेट मोटरसाइकिल निकालने और रास्ता देने को लेकर हुई बहस से हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झड़प ने हिंसक रूप धारण कर लिया।
घायलों का इलाज जारी
झड़प में घायल तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उपचार जारी है। घायलों में स्थानीय सभासद शाकिर भी शामिल हैं।
पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू की
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी उधम सिंह नगर Ajay Ganapati ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। काशीपुर के एसपी के नेतृत्व में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
