रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में स्कूल से घर लौट रही चार नाबालिग छात्राओं और एक छात्र को एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा कथित रूप से बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और पकड़ने के प्रयास का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंगलवार को छुट्टी के बाद बच्चे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। उसने दावा किया कि वह उनके परिजनों की ओर से भेजा गया है और उन्हें उसके साथ चलना होगा। बच्चों को उसकी बातों पर संदेह हुआ। आरोप है कि जब एक छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की और पकड़ने की कोशिश की, जिससे उसे हल्की चोट आई। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।

पार्क से पकड़ा गया संदिग्ध

पीड़ित छात्रा के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। परिजनों ने आरोपी की तलाश की और उसे बालाजी मंदिर के पास एक पार्क में देखा, जहां अन्य बच्चे भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों की मदद से संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों में चिंता का माहौल है। स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की गई है।

जांच जारी, सख्त कार्रवाई के संकेत

क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने की सीख दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *