हल्द्वानी: नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे-109 पर एक नशे में धुत ट्रक चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। खनन सामग्री से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ता रहा, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रक ने सबसे पहले तेल डिपो के पास एक ऑटो को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद चालक बिना रुके आगे बढ़ा और एक स्कॉर्पियो तथा बरेली नंबर की कार को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान एक बाइक सवार भी ट्रक की चपेट में आ गया। सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे का शिकार हुई कार में सवार श्रद्धालु कैंची धाम से दर्शन कर दिल्ली और बरेली लौट रहे थे। संयोग से सभी सुरक्षित रहे।

लगातार टक्करों के कारण हाईवे पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक को लालकुआं बाजार से पहले फ्लाईओवर के पास रोक लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है।

घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लौटानी ने प्रशासन से तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *