देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई गोलीबारी ने सनसनी फैला दी। सचिवालय से करीब एक किलोमीटर दूर तिब्बती मार्केट में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक चल रही थी।

पुलिस के मुताबिक, सुबह लगभग 10:30 बजे स्कूटी सवार दो हमलावर बाजार पहुंचे और फल खरीद रहे करीब 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा पर नजदीक से फायरिंग कर फरार हो गए। गोली लगते ही अर्जुन शर्मा मौके पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मृतक परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में शहरभर में नाकाबंदी की गई है।
हाई-सिक्योरिटी जोन में वारदात
तिब्बती मार्केट राजधानी का व्यस्त व संवेदनशील इलाका है। पास में सचिवालय और पुलिस मुख्यालय स्थित होने के कारण यहां लगातार वीवीआईपी मूवमेंट रहता है। ऐसे क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालिया घटनाओं से बढ़ी चिंता
इसी इलाके के आसपास हाल में पत्रकार पर हमला और पलटन बाजार में युवती की हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार आपराधिक वारदातों से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना गहराई है।
सरकार सख्त, अवैध हथियारों पर अभियान
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को कड़े निर्देश जारी किए। गृह सचिव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और शीघ्र खुलासे के आदेश दिए गए हैं। साथ ही अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा विधायक दिलीप रावत ने भी राजधानी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
