उत्तराखंड में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी सियासी तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में हल्द्वानी स्थित कुमाऊं कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम में कुमाऊं स्तरीय एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित स्थानीय नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को और सक्रिय करने पर जोर दिया।

16 फरवरी के लोक भवन घेराव की तैयारियों पर चर्चा
बैठक का प्रमुख मुद्दा 16 फरवरी को प्रस्तावित लोक भवन घेराव की तैयारियों की समीक्षा रहा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से त्रस्त है और कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

यशपाल आर्या ने बताया कि 12 फरवरी को हल्द्वानी में कांग्रेस की एक और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर ठोस रणनीति बनाई जाएगी।

कांग्रेस में संभावित राजनीतिक शामिलात
नेता प्रतिपक्ष ने संकेत दिए कि कांग्रेस के संपर्क में कुछ प्रमुख राजनीतिक नेता हैं और उनसे लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कई बड़े चेहरे कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय और औपचारिक घोषणा पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

जिताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत रावत ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता से तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बार कांग्रेस पूरी तरह एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेगी।

रणजीत रावत ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और जनता से जुड़े मुद्दों पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि आगामी चुनाव में पार्टी केवल जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशियों को ही टिकट देगी, जिसका निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *