उधम सिंह नगर: दिनेशपुर क्षेत्र में सोमवार को एक विवाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब एक महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और दूल्हे को अपना पति बताते हुए शादी रुकवाने की मांग करने लगी। महिला का आरोप है कि युवक उससे बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, कस्बे में युवक का विवाह कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच गदरपुर माजरा हसन निवासी महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर महिला उपनिरीक्षक सोनिका जोशी पुलिस टीम के साथ विवाह स्थल पर पहुंचीं। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही विवाह की रस्में पूरी हो चुकी थीं।

पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों से पूछताछ कर स्थिति को शांत कराया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने दूल्हा पक्ष को बताया कि पहली पत्नी के रहते बिना तलाक दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे धोखे में रखकर दूसरा विवाह कर रहा है। वहीं, दूल्हा पक्ष का कहना था कि पति-पत्नी पिछले छह वर्षों से अलग रह रहे हैं और यह निर्णय पंचायत के माध्यम से लिया गया था, लेकिन वे कोई वैध तलाक से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को न्यायालय में कानूनी कार्रवाई के लिए जाने की सलाह दी। पुलिस के अनुसार, यह मामला पारिवारिक न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *