रुद्रपुर: जिला अस्पताल में कुत्ते के काटने पर दी जाने वाली रेबीज वैक्सीन सोमवार को समाप्त हो गई, जिससे मरीज और उनके तीमारदार परेशानी में रहे। सुबह से वैक्सीन लगवाने आए लोग दोपहर तक इंतजार करते रहे और अस्पताल परिसर में भटकते रहे। स्थिति तब सुधरी जब इस मामले की जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन तक पहुंची और तत्काल वैकल्पिक डोज उपलब्ध कराई गई।

जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में डॉग बाइट के मरीज पहुंचते हैं। सोमवार सुबह स्टॉक खत्म होने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ मरीज निजी मेडिकल स्टोर की ओर चले गए, जबकि कई लोग इंतजार करते रहे। दोपहर बाद मेडिकल कॉलेज से वैक्सीन उपलब्ध कराए जाने पर टीकाकरण फिर से शुरू किया गया।

तीमारदार अनीता ने बताया, “रविवार से बेटे को लेकर अस्पताल आ रही हूं। सोमवार को सुबह आठ बजे से लाइन में खड़े हैं। कुत्ते ने बच्चे को काटा है, लेकिन वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी।” वहीं मरीज हरिहर ने कहा, “दो घंटे इंतजार के बाद जब पता चला कि वैक्सीन आ रही है, तब राहत मिली।”

डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि वैक्सीन खत्म होने की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज से तुरंत डोज उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि अब पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाएगा ताकि भविष्य में मरीजों को समय पर टीका मिल सके और ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *