रुद्रपुर: उत्तराखंड परिवहन निगम के रोडवेज कर्मचारियों ने दो माह का वेतन न मिलने के विरोध में लगातार दूसरे दिन एक घंटे का कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो 14 फरवरी से पूर्ण हड़ताल की जाएगी।

सोमवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (कार्यशाला) के मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी कार्यशाला परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने बांह में काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और परिवहन निगम व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को दिसंबर और जनवरी माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से वेतन का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि 12 फरवरी तक प्रतिदिन एक-एक घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 13 फरवरी को मंडलीय प्रबंधक कार्यालय में धरना दिया जाएगा और 14 फरवरी से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।

रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (ट्रैफिक शाखा) के अध्यक्ष भगवान दास ने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण रोडवेज की हालत लगातार खराब होती जा रही है। समय पर वेतन न देना इसकी सबसे बड़ी वजह है।

उन्होंने यह भी कहा कि डिपो में न पर्याप्त बसें हैं और न ही मरम्मत के लिए आवश्यक कलपुर्जे सरकार उपलब्ध करा पा रही है।

इस मौके पर शाखा मंत्री राजेश कुमार, योगेश आर्या, तनवीर अहमद, चंदन मंडल, राजीव रस्तोगी, सुनील रस्तोगी, सुजीत कुमार, मुर्तजा अली और आसिफ हुसैन सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *