हल्द्वानी में एसडीएम कोर्ट के नियमित संचालन को लेकर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। एसडीएम की तैनाती न होने से न्यायिक कार्य प्रभावित होने पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों के साथ कोर्ट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

बताया गया कि एसडीएम राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से कोर्ट में सुनवाई का काम लगभग ठप पड़ा है। स्थायी एसडीएम की नियुक्ति न होने से रोजमर्रा के मामलों की सुनवाई नहीं हो पा रही, जिससे अधिवक्ताओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी जमीन पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि एसडीएम कोर्ट क्षेत्र की जनता के लिए बेहद अहम है, लेकिन लंबे समय से न्यायिक कार्य बाधित होने के बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कोर्ट में सुनवाई न होने से लोगों को बार-बार तारीख मिल रही है, जिससे न्याय मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने इस मामले को लेकर कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर जल्द समाधान की मांग की।
वहीं पार्षद रवि जोशी ने कहा कि एसडीएम कोर्ट के ठप रहने से आम जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हल्द्वानी में शीघ्र एसडीएम की तैनाती कर कोर्ट के कामकाज को सुचारू किया जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
