उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में सोमवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भारी बल के साथ मौके पर तैनात होना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

हादसा काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक गांव के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। गांव निवासी जयपाल सिंह (उम्र लगभग 60 वर्ष) बाइक से किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खनन सामग्री से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयपाल सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान होते ही क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया। लोगों ने हादसे के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रक संख्या UP21 CT 6334 को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस और काशीपुर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग को बुलाकर आग पर काबू पाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि मृतक जयपाल सिंह दूध का व्यवसाय करता था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *