किच्छा के सिसई क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की जनता अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास की स्पष्ट सोच के साथ समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम कर रही है।

विधायक बेहड़ ने पूर्व विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पूरे दस वर्षों तक जनप्रतिनिधि रहने का अवसर मिला, लेकिन इस दौरान मुस्लिम बहुल क्षेत्रों को केवल वोट बैंक समझकर नजरअंदाज किया गया। उन्होंने दावा किया कि उस कार्यकाल में धरातल पर कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि न तो सड़कों का निर्माण किया गया, न नालियों की व्यवस्था सुधारी गई और न ही मूलभूत सुविधाओं को लेकर कोई गंभीर प्रयास हुए। इसके उलट, उनके चार वर्षों के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्य आज जनता के सामने साफ दिखाई दे रहे हैं।
तिलक राज बेहड़ ने लोगों से आह्वान किया कि वे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की अभी से तैयारी करें और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस नेता रिजवान निक्की, निवर्तमान सभासद लियाकत अंसारी, राजेश प्रताप सिंह, गुलशन सिंधी, रामबाबू सिंह, दिलीप सिंह बिष्ट, मुर्तजा अंसारी, संतराम, जमालुद्दीन, महेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
