रुद्रपुर (उत्तराखंड) में एक निजी कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी और उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के बीच हुई मुलाकात ने सबका ध्यान खींचा। यह मुलाकात औपचारिक बातचीत से आगे बढ़ते हुए सिनेमा, समाज, कानून व्यवस्था, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर गहन संवाद में बदल गई।

गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे मनोज बाजपेयी ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा के साथ लंबे समय तक चर्चा की। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े अनुभव साझा किए और इस बात पर विचार किया कि सिनेमा और प्रशासन मिलकर समाज में सकारात्मक सोच और अनुशासन को कैसे बढ़ावा दे सकते हैं। बातचीत के दौरान युवाओं की भूमिका और सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा हुई।

इस दौरान अभिनेता मनोज बाजपेयी एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने उनकी फिटनेस की सराहना करते हुए कहा कि इस स्तर की शारीरिक क्षमता तो फिल्म इंडस्ट्री में भी जरूरी मानी जाती है। फिटनेस को लेकर बातचीत में मनोज बाजपेयी ने अपनी दिनचर्या और स्वास्थ्य से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण अनुभव भी साझा किए।

Manoj Bajpayee praises SSP

ईटीवी भारत से बातचीत में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अभिनेता ने बताया कि वे दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और ऐसे खाद्य पदार्थों से परहेज करते हैं जो शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।

मुलाकात के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

गौरतलब है कि उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़े अभियान के दौरान 70 से अधिक वाहनों और करीब 300 पुलिसकर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचकर की गई कार्रवाई के बाद वे व्यापक चर्चा में आए थे। इस कार्रवाई से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुए थे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *