देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी जनआंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अगले तीन महीनों तक विधानसभा स्तर पर स्थानीय मुद्दों को लेकर जन-जागरण अभियान और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 16 फरवरी को कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यपाल आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कदम सरकार की जनविरोधी नीतियों और जनता की समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया जा रहा है।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है और इससे प्रदेश के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने महिला अपराधों की लगातार बढ़ती घटनाओं को भी गंभीर समस्या बताया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि महंगाई से जनता त्रस्त है और सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष जारी रखेगी।
