DSAT Scholarship Ad

रुद्रपुर: किच्छा से कांग्रेस विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ के बेटे पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में चौंकाने वाला सच सामने आया है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया कि उनके बेटे सौरभ राज बेहड़ ने ही अपने ऊपर हमला करवाने की साजिश रची थी। इस पूरे प्रकरण में सौरभ का साथ उसके पार्षद मित्र इंद्र ने दिया। इस खुलासे के बाद तिलक राज बेहड़ ने समाज, पार्टी और आम जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

प्रेस वार्ता में विधायक ने बताया कि उन्हें देर रात से ही पूरे मामले को लेकर संकेत मिलने लगे थे और सुबह तक पुख्ता जानकारी सामने आ गई। उनके अनुसार, सौरभ ने निजी कारणों से अपने दोस्त इंद्र के साथ मिलकर इस घटना की योजना बनाई थी। इंद्र का परिवार भी सुबह उनसे मिलने पहुंचा, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

तिलक राज बेहड़ ने कहा कि यदि समय रहते इस षड्यंत्र की जानकारी उन्हें या परिवार के अन्य सदस्यों को मिल जाती, तो यह विवाद खड़ा ही नहीं होता। उन्होंने स्वीकार किया कि इस घटना से उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को गंभीर आघात पहुंचा है।
उन्होंने कहा, “मेरे बेटे के इस कृत्य के लिए मैं पूरे समाज, अपनी पार्टी और सभी शुभचिंतकों से माफी मांगता हूं, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों।”

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जांच के दौरान जिन लोगों से संदेह के आधार पर पूछताछ की गई, उनके परिवारों से भी वे क्षमा चाहते हैं। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के शीर्ष नेताओं तक ने उन्हें इस मामले में सहानुभूति दिखाई थी, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि सच्चाई इतनी पीड़ादायक होगी।

विधायक के मुताबिक, सौरभ के अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहे थे। यदि उसने समय पर उनसे बात की होती, तो किसी समाधान पर पहुंचा जा सकता था। उन्होंने बताया कि शादी के बाद ही सौरभ को अलग कर दिया गया था और उसका वैधानिक अधिकार भी पहले ही दिया जा चुका था।

भावुक होते हुए तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सौरभ ने उन्हें किडनी दान की थी, इसी वजह से उनके बीच भावनात्मक संबंध बना हुआ था। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद उन्होंने सौरभ से अपने सभी संबंध समाप्त करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, “उसने मेरी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाया है। यह कृत्य माफी के योग्य नहीं है।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक खुद को संभाल नहीं पाए और फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि उनके साथ ऐसा क्यों हुआ।
उन्होंने कहा, “शायद मेरे किसी कर्म की सजा मुझे मिल रही है। मैं इस विषय में अब ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। पुलिस का आभार है, जिन्होंने कड़ी मेहनत कर सच्चाई सामने रखी।”

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सौरभ बेहड़ ने आरोप लगाया था कि तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। हालांकि पुलिस जांच में जब सच्चाई सामने आई, तो पूरा मामला ही उलट गया और लोग भी हैरान रह गए।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *