नई दिल्ली। वेनेजुएला में तेजी से बदलते हालात को लेकर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि वेनेजुएला से जुड़े ताजा घटनाक्रम चिंताजनक हैं और भारत स्थिति पर लगातार करीबी नजर बनाए हुए है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के पक्ष में है। मंत्रालय ने कहा, “भारत वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे बातचीत के जरिए मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान निकालें, जिससे क्षेत्र में स्थिरता बनी रहे।”

मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि काराकास स्थित भारतीय दूतावास वेनेजुएला में रह रहे भारतीय नागरिकों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

इससे पहले भारत सरकार ने वेनेजुएला में मौजूदा हालात को देखते हुए अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की थी। इसमें भारतीयों को वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही वहां पहले से मौजूद भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्क रहने और अपनी आवाजाही सीमित रखने को कहा गया है।

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से काराकास स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहने की अपील की है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +58-412-9584288 (व्हाट्सऐप कॉल सहित) और ईमेल आईडी cons.caracas@mea.gov.in जारी की गई है। दूतावास के अनुसार, वर्तमान में वेनेजुएला में करीब 50 प्रवासी भारतीय और लगभग 30 भारतीय मूल के नागरिक रह रहे हैं।

अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद वेनेजुएला में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है, जिससे वहां राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ गई है। इस कार्रवाई को लेकर रूस और चीन सहित कई देशों ने अमेरिका की आलोचना की है।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क लाया गया है, जहां उन पर ड्रग्स तस्करी से जुड़े आरोपों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सुरक्षित सत्ता हस्तांतरण तक अमेरिका वेनेजुएला में स्थिति को नियंत्रित करेगा।

भारत सरकार ने फिलहाल अमेरिका की कार्रवाई पर कोई प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन विदेश मंत्रालय ने दोहराया है कि वह वेनेजुएला के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *