उत्तर प्रदेश के जनपद एटा में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि एक मां ने अपनी बेटी की हत्या की सुपारी दी थी, लेकिन बेटी ने उल्टा मां की हत्या करा दी.

पुलिस ने कैसे किया मर्डर का खुलासा

पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय महिला अलका की हत्या उसकी बेटी ने सुपारी किलर संग मिलकर की थी. अलका के पति रमाकांत ने बताया कि वह शनिवार को एटा किसी मुकदमे की पैरवी करने गई थी. देर शाम तक वह जब घर नहीं लौटी तो उसे फोन मिलाया गया. लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था.

जिसके बाद उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिली. अगले दिन देर शाम को सूचना मिली कि एक शव बाजरे के खेत में पड़ा है. यहां आकर जब देखा तो वह मेरी पत्नी थी. पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 6 अक्टूबर की सुबह एक अज्ञात महिला का शव बाजरे के खेत में पड़ा हुआ मिला था. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. शव की पहचान अलका देवी के रूप में उसके पति रमाकांत ने की.

महिला की हत्या की सुपारी

पुलिस ने बताया कि अलका की बेटी का किसी से अफेयर चल रहा था, जिसको लेकर वह काफी तंग आ चुकी थी. ऐसे में उसने अपनी बेटी को मारने के लिए सुभाष नाम के व्यक्ति से संपर्क किया. सुभाष पूर्व में दुष्कर्म के आरोप में सजा काट कर जेल से बाहर आया था. अलका ने सुभाष को पचास हजार रुपए की सुपारी दी और अपनी बेटी की हत्या की योजना बनाई.

बेटी ने उल्टा मां की हत्या करा दी

लेकिन सुपारी किलर सुभाष ने पहले तो अलका की बेटी को प्यार में फंसाया. फिर बातचीत करने के लिए उसे एक मोबाइल दिलवाया. प्लान के तहत अलका अपनी बेटी को ननिहाल बुलाकर ले गई और सुपारी किलर सुभाष को कंपिल बुलाया. लेकिन अलका की बेटी ने उल्टा सुभाष के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या करा दी. पुलिस ने सुभाष को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *