बदरीनाथ: देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को जल्द अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने वाली हैं। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत निर्माणाधीन 45 बेड वाले आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार मंजिला इस अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज, ऑपरेशन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था होगी।

PM Modi May Inaugurate 45-Bed Modern Hospital in Badrinath Dham Construction Nears Completion Under MasterPlan

अस्पताल को सब-जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर समेत कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में जरूरी चिकित्सा उपकरण पहुंच चुके हैं और उन्हें स्थापित करने का काम तेजी से जारी है।

31 अगस्त तक पूरा होगा निर्माण कार्य

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक अस्पताल भवन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल में मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।

प्रशासन का दावा है कि भवन निर्माण पूरा होते ही अस्पताल संचालन की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे, जिससे आगामी यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके।

पीएम मोदी के संभावित दौरे के बीच तेज हुई तैयारियां

सूत्रों के अनुसार अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम दौरे की संभावना को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। चर्चा है कि अस्पताल का उद्घाटन भी इसी दौरान किया जा सकता है।

हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है।

वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल ने बताया कि अस्पताल भवन और आधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उनका कहना है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद अस्पताल का संचालन जल्द शुरू कर दिया जाएगा।

ऊंचाई वाले क्षेत्र में मरीजों को मिलेगी राहत

हर साल चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्र में होने के कारण कई यात्रियों को ऑक्सीजन की कमी, सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

अब तक गंभीर मरीजों को उपचार के लिए जोशीमठ, कर्णप्रयाग या श्रीनगर जैसे निचले क्षेत्रों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। नए अस्पताल के शुरू होने के बाद बदरीनाथ धाम में ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल राहत मिलेगी।

मास्टर प्लान का महत्वपूर्ण हिस्सा

बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जा रहा यह आधुनिक अस्पताल धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। इससे न केवल चारधाम यात्रियों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। स्वास्थ्य और तीर्थ पर्यटन के लिहाज से यह परियोजना बदरीनाथ धाम के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *