उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में पिथौरागढ़-गंगोलीहाट मार्ग पर एक दर्दनाक दुर्घटना में एसएसबी के जवान हिमांशु कुमार (27 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्राम पंचायत चौड़ धुरौली के तोक ख्यूंतोला निवासी हिमांशु कुमार अपने घर लौट रहे थे, तभी डूनी के पास खतरनाक मोड़ पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने पैराफिट से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी गंभीर थी कि मोटरसाइकिल सड़क पर ही रह गई, जबकि हिमांशु कुमार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण जवान को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।
पिथौरागढ़ जिले में पिछले कुछ दिनों में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। पिछले दो दिनों में अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने संवेदनशील मोड़ों पर मजबूत पैराफिट, चेतावनी बोर्ड और सड़क सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
