रुद्रपुर :ऊधमसिंहनगर, जनपद में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों पर मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जिलेभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों में सट्टा लगाकर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी (निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी, सितारगंज) और सौरभ कुमार (निवासी कुंवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल एप्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे और इससे मोटी कमाई कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी युवाओं को अपराध की ओर धकेल रही है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी अजय गणपति ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध ऑनलाइन गतिविधियों से दूर रहें और कानून का पालन करें।
