खटीमा: उधम सिंह नगर के खटीमा रेलवे स्टेशन के वार्ड नंबर-6 के पास शनिवार देर रात दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक ही स्थान पर दो शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।

सूचना मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जीवन सिंह चुफाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दो व्यक्ति मृत अवस्था में पड़े मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को सूचना दी।

दोनों मृतकों की पहचान हुई

पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक की पहचान राजेंद्र सिंह सामंत, पुत्र पद्म सिंह सामंत, निवासी वेस्ट व्यू होटल के सामने, खटीमा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक राजेंद्र सिंह परचून की दुकान चलाते थे।

दूसरे मृतक की पहचान विनोद, पुत्र शोभन सिंह, उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी ग्राम नगला तहर, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है।

FSL और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की जांच की

दोनों शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित किए। इसके बाद जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

एक ही स्थान पर दो लोगों के शव मिलने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है, ताकि दोनों मृतकों की गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने बताया कि फिलहाल दोनों की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की टीमें घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *