उत्तराखंड के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार को शुरू हुई। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ सदन की शुरुआत हुई, जिसमें विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के विभागों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पास महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले और खेल एवं युवा कल्याण जैसे अहम विभाग हैं। प्रश्नकाल के दौरान इन विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

सबसे पहले कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने चमोली जिले के दशोली क्षेत्र में स्थित सेमलडाला मैदान, पेपलकोटी के विस्तार को लेकर सवाल किया। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल इस संबंध में कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है।

इसके बाद भाजपा विधायक सुरेश गड़िया ने नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी देने के मुद्दे को उठाया। वहीं डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से कम पंजीकरण होने का सवाल किया। इस पर रेखा आर्या ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण और योजना के निर्धारित मानकों के कारण कुछ व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।

विधायक महेश जीना ने एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड के मानकों को लेकर सवाल उठाए। वहीं खेल और युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान किया है।

इससे पहले मंगलवार को सदन में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर नियम 58 के तहत देर रात तक चर्चा चली थी। विपक्ष ने प्रदेश में हुई हत्याओं, अंकिता हत्याकांड समेत कई घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा था। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई है और शिकायतों के समाधान की दर में भी बढ़ोतरी हुई है।

आज की कार्यवाही के दौरान नियम 58 और विशेषाधिकार हनन के मुद्दे पर धारचूला विधायक हरीश धामी को भी सुना जाएगा। उन्होंने मंगलवार को इसी विषय को लेकर सदन में हंगामा किया था।

इधर, विधानसभा भवन के अन्य उपयोग को लेकर मंत्री सतपाल महाराज के बयान पर विपक्ष ने नाराजगी जताई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन राज्य आंदोलन और उत्तराखंड की जनता की भावनाओं का प्रतीक है। इसे शादी या कॉरपोरेट कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल करने की बात राज्य की अस्मिता के खिलाफ है।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान चंद्र सिंह की दुकान पर चाय पीते हुए लोगों से बातचीत की और सरकार की योजनाओं पर उनका फीडबैक भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहाड़ी क्षेत्रों के संतुलित और योजनाबद्ध विकास के लिए काम कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *