रुद्रपुर। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को हो रही समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से महापौर Vikas Sharma ने आज अग्रसेन चौक स्थित श्रमिक अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों एवं श्रमिक भाइयों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि लंबे समय से अग्रसेन चौक पर संचालित श्रमिक अड्डे के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जनहित को ध्यान में रखते हुए श्रमिक अड्डे को नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

महापौर ने बताया कि नए स्थान पर श्रमिकों के लिए शेड, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही सभी श्रमिकों का सत्यापन कर नगर निगम द्वारा पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम श्रमिकों के सम्मान और हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रमिकों को व्यवस्थित सुविधा प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर एसडीएम मनीष बिष्ट, सीओ डी.आर. वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री तरूण दत्ता, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
