रुद्रपुर। शहर की बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना ने शुक्रवार को पुलिस विभाग को हाई अलर्ट पर ला दिया। आपातकालीन सेवा 112 पर मिली कॉल में हत्या की बात कही गई थी, जिसके बाद कंट्रोल रूम ने तुरंत कोतवाली पुलिस को मौके पर रवाना किया।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पहुंचते ही पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। उपनिरीक्षक जीवन राम अधिकारी के नेतृत्व में घर-घर जाकर पूछताछ की गई और स्थानीय लोगों से घटना की पुष्टि करने की कोशिश की गई। हालांकि काफी देर तक चली जांच के बाद भी किसी प्रकार की हत्या की पुष्टि नहीं हो सकी।
छानबीन में सामने आया कि सूचना पूरी तरह भ्रामक थी। तकनीकी जांच से पता चला कि कॉल हल्द्वानी क्षेत्र से की गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कॉल करने वाला व्यक्ति नशे की हालत में था। पुलिस द्वारा दोबारा संपर्क करने पर संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कॉलर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें पुलिस के समय और संसाधनों की बर्बादी करती हैं तथा वास्तविक आपात स्थितियों में बाधा बन सकती हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है।
