झारखंड की राजधानी रांची में जन्माष्टमी के मौके पर रविवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। भीड़भाड़ वाले अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान एक बुर्का पहने युवक की हरकतों पर संदेह हुआ। मौके पर मौजूद एक महिला ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने बिना देर किए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान किशोरगंज चुन्ना भट्ठा निवासी प्रमोद कुमार सोनू के रूप में हुई। फिलहाल उसे जेल भेज दिया गया है और कोतवाली थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे कार्यक्रम में भारी भीड़ थी। इसी दौरान बुर्का पहने युवक ने धक्का-मुक्की की, जिससे महिला को शक हुआ। महिला ने उसके जूतों और हाथों पर गौर किया और समझ गई कि यह कोई महिला नहीं, बल्कि पुरुष है। समय रहते पुलिस को सूचना देने से माहौल बिगड़ने से बच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का मकसद स्पष्ट नहीं है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वह धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था। अब यह जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर महिला सतर्कता नहीं दिखाती तो भीड़भाड़ वाले इलाके में गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी। लोगों ने महिला की सजगता की सराहना की है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के इरादों और उसके संपर्कों की तहकीकात कर रही है। प्रशासन का कहना है कि रांची की शांति और भाईचारा बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।