शनिवार को उत्तर कोरिया ने एक बार फिर मिसाइल परीक्षण करते हुए समुद्र की ओर 10 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक यह लॉन्च उस समय हुआ जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेनाएं संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रही हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।

News Article Hero Image

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि मिसाइलें राजधानी प्योंगयांग के पास स्थित एक इलाके से दोपहर करीब 1:20 बजे (0430 GMT) दागी गईं। इनका रुख देश के पूर्वी तट से लगे समुद्र की ओर था।

मिसाइल लॉन्च की पुष्टि जापान के कोस्ट गार्ड ने भी की है। अधिकारियों के अनुसार रडार पर एक संदिग्ध वस्तु देखी गई, जिसे बैलिस्टिक मिसाइल माना जा रहा है और वह समुद्र में गिर गई। जापान के सार्वजनिक प्रसारक NHK ने जापानी सेना के हवाले से बताया कि यह मिसाइल जापान के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) के बाहर गिरी।

North Korea ballistic missile (2)

घटना के बाद जापान में आपातकालीन चेतावनी जारी कर दी गई। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों को सतर्क रहने को कहा और बताया कि उत्तर कोरिया की ओर से संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की गई है। इसके बाद प्रधानमंत्री Sanae Takaichi के प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए, ताकि मिसाइल की दिशा और संभावित खतरे पर नजर रखी जा सके।

North Korea ballistic missile (3)

गौरतलब है कि उत्तर कोरिया पिछले दो दशकों से परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के विकास पर लगातार काम कर रहा है और समय-समय पर इनके परीक्षण करता रहा है।

वहीं दक्षिण कोरिया में करीब 28,500 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। इसी सप्ताह अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेनाओं ने अपना वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। उत्तर कोरिया अक्सर ऐसे सैन्य अभ्यासों को उकसावे वाली कार्रवाई बताते हुए इसका विरोध करता रहा है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *