जम्मू: जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शकुंतला फ्लाईओवर पर छात्रों से भरी एक मेटाडोर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 29 छात्र घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 26 छात्रों की स्थिति स्थिर है।

बताया जा रहा है कि सभी छात्र तिरंगा रैली में शामिल होने के बाद बाग-ए-बाहु से मुबारक मंडी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शकुंतला फ्लाईओवर पर उनकी मेटाडोर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
29 छात्र अस्पताल में भर्ती
GMC जम्मू के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिसाल ने बताया कि हादसे में कुल 29 छात्र घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर घायलों की हालत खतरे से बाहर है। कुछ छात्रों को फ्रैक्चर समेत अन्य चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, हादसे के बाद 29 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें तीन मरीजों की हालत क्रिटिकल बताई गई है, जबकि 26 की स्थिति स्थिर है।
Chief Minister has expressed deep anguish over the road accident involving a matador carrying over 25 girls on the flyover near the Super Speciality Hospital, Jammu.
The injured were promptly provided medical attention and are reported to be out of danger. The Chief Minister…
— Office of Chief Minister, J&K (@CM_JnK) August 9, 2026
गंभीर रूप से घायल मरीजों में सुहानी देवी (21), भवाल, जम्मू; आरती देवी (20), मजालता, उधमपुर; और सीमा देवी (27), अथोली, किश्तवाड़ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लिया संज्ञान
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर चिंता और दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज की निगरानी की जा रही है।
फिलहाल सभी घायलों का GMC जम्मू में उपचार चल रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
