Haridwar में फेसबुक पर डाली गई एक पोस्ट को लेकर विवाद कानूनी मोड़ ले चुका है। सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की शिकायत पर पुलिस ने यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनीता भारती, जो शिवालिक नगर स्थित ड्रग विभाग कार्यालय में तैनात हैं, ने आरोप लगाया है कि 26 फरवरी को कैश खुराना ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ पांच लाख रुपये की कथित रिश्वत लेने संबंधी पोस्ट साझा की। पोस्ट के वायरल होने के बाद उन्हें टैग कर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी सरकारी छवि और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। उन्होंने इसे सुनियोजित रूप से बदनाम करने की कोशिश बताया है।

शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से पोस्ट की तकनीकी जांच की जा रही है।

वहीं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने कोई गलत आरोप नहीं लगाया और मामला न्यायालय में स्पष्ट होगा।

इस संबंध में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *